राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क अंतर्गत गौहरी रेंज के नीलकंठ पैदल मार्ग के जंगल में बीते रविवार से आग लगी हुई है। आग की लपटों से जंगल जल रहा है। जंगल की आग से वातावरण में धुआं फैल गया है। सोमवार को भी नीलकंठ पैदल मार्ग जाने वाले जंगल में आग जलती रही। गौहरी रेंज के वन कर्मचारी दूसरे दिन भी आग पर काबू नहीं पा सके। रेंज अधिकारी अनिल पैन्यूली ने बताया कि वन कर्मचारी जंगल में लगी आग को बुझाने में जुटे हुए हैं। तेज हवा के चलते आग की लपटें तेजी से जंगल में फैल रही है। जिससे आग को काबू करने में परेशानी हो रही है। आग की लपटों से अब तक करीब पांच से सात हेक्टेयर वन संपदा नष्ट हो गई है। संवाद