लक्ष्मणझूला पुलिस के हत्थे चढ़े अवैध असलहों को रखने के आरोपी
- फोटो : RISHIKESH
लक्ष्मणझूला पुलिस ने अवैध असलहा रखने के आरोप में हरियाणा के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे तथा तीन कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ अवैध हथियार रखने के आरोप में आर्म्स एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया है। बरामद कार को सीज कर दिया है।
आरोपियों की पहचान सागर सिंह पुत्र राजेश कुमार, तनुज जांगड़ा पुत्र संजीव कुमार दोनों निवासी नई बस्ती गली नंबर एक वार्ड नंबर 22 थाना लाइन पार जिला इज्जर हरियाणा, नीरज उर्फ भांजा पुत्र पवन कुमार निवासी वार्ड संख्या सात गली नंबर तीन थाना लाइन पार जिला इज्जर हरियाणा, टीनू पुत्र अतर सिंह निवासी वार्ड संख्या 13 गली नंबर 11 डिफेंस कॉलोनी बहादुरगढ़ जिला इज्जर हरियाणा और नवीन पुत्र सतीश कुमार निवासी ग्राम भूपनिया जिला इज्जर हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे लोगों को डराने धमकाने के लिए अवैध असलहा साथ लेकर चलते हैं। थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला राकेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कई आपराधिक प्रवृत्ति के लोग घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश करते हैं। ऐसे लोगों की पहचान के लिए पुलिस की टीम अलग-अलग क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को टीम ने एक वीआईपी नंबर की कार एचआर-13एन-070 को रोका। तलाशी और पूछताछ में पुलिस ने दो अवैध तमंचे (एक 315 बोर, 12 बोर) और तीन कारतूस बरामद किए।
नंबर प्लेट तीन डिजिट की होने से गहराया शक
ऋषिकेश। अवैध असलहों के साथ पकड़े गए पांचों लोगों से पूछताछ जारी है। खास बात ये है कि पकड़ी गई पोलो कार की नंबर प्लेट पर सिर्फ तीन डिजिट का नंबर दर्ज है। आरोपियों का कार के बारे में कहना है कि गाड़ी दोस्त की है। लिहाजा गाड़ी का नंबर याद नहीं है। मजे की बात है कि गाड़ी के आगे लगा नंबर प्लेट टूटा हुआ है जिस पर एचआर-13एन-070 ही दिखाई दे रहा है। इसमें से नंबर की एक डिजिट गायब है। इसके अलावा कार के पीछे की नंबर प्लेट गायब है। पूरे वाकये को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि पिछले कई महीने से हो रही लूट और जानलेवा हमलों में इसी गैंग का हाथ हो सकता है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए सभी लोगों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। सारी परिस्थितियां इस बात को बल दे रही हैं कि गाड़ी भी चोरी की हो सकती है।