ऋषिकेश। गुमानीवाला स्थित लालपानी बीट कूड़ा निस्तारण प्लांट पर ताला जड़कर नगर निगम के कूड़ा वाहनों को रोकने का मामला गरमा गया है। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने सात नामजद सहित अन्य ग्रामीणों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने कोतवाली में तहरीर दी थी। बताया कि बीते तीन अक्तूबर को नगर निगम के सफाई निरीक्षक बीट संख्या एक, लालपानी प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय निवासियों ने प्लांट में कूड़ा लाए जाने का विरोध शुरू कर दिया और प्लांट के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी। इस दौरान निगम अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया कि कूड़ा वाहनों को अंदर आने दिया जाए लेकिन ग्रामीण नहीं माने और वाहनों को गेट पर ही रोक दिया। अधिकारियों का कहना है कि प्लांट बंद होने से ऋषिकेश शहर से प्रतिदिन एकत्रित होने वाले सैकड़ों टन कूड़े का निस्तारण पूरी तरह बाधित हो गया। यदि समय पर कूड़ा नहीं उठा तो शहर में गंदगी फैलने और बीमारी फैलने का खतरा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने लालमणि रतूड़ी, पुरुषोत्तम बडोनी, लाल सिंह बोरा, राजेंद्र गुनसोला, विनोद प्रसाद सेमवाल, रंजीत, रमदान सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच एसआई सुमित चौधरी को सौंपी गई है। कोतवाल यशपाल बिष्ट ने बताया कि साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।