नगर पालिका के कर अनुभाग में तालाबंदी को लेकर हुए बवाल के बाद भाजपा के सभासद दो गुटों में बंट गए। महिला सभासद के साथ हुई मारपीट के मामले में पालिकाध्यक्ष को घेरने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र नेगी ने पत्रकार वार्ता बुलाई थी। इस दौरान दो सभासदों में कहासुनी हुई। सभासद एक-दूसरे पर पालिकाध्यक्ष का साथ होने का आरोप लगाते रहे। मामला बढ़ता देख जिलाध्यक्ष ने दोनों सभासदों के खिलाफ कार्रवाई करने की सख्त हिदायत दी। तब जाकर किसी तरह मामला शांत हुआ।
जिलाध्यक्ष जितेंद्र नेगी ने पत्रकारों को बताया कि महिला सभासद कविता शाह के साथ की गई मारपीट और अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर राष्ट्रीय महिला आयोग को शिकायत भेजी गई है। सभासद शाह ने कहा कि नगरपालिकाध्यक्ष दीप शर्मा को मुख्यमंत्री हरीश रावत से संरक्षण प्राप्त होने के चलते पुलिस उचित कार्रवाई करने में डर रही है। कहा कि पालिका में अनियमिताओं को लेकर पूर्व में सभासदों की रिपोर्ट के आधार पर गढ़वाल मंडल आयुक्त की जांच में अध्यक्ष शर्मा को बर्खास्त करने की संस्तुति की गई थी।
लेकिन, मुख्यमंत्री रावत से संरक्षण प्राप्त होने के कारण अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। पालिकाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई न हुई तो भाजपा आंदोलन करेगी। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिता मंगाई, मंडलाध्यक्ष चेतन शर्मा, सरोज डिमरी, दीपक धमीजा, पंकज गुप्ता, अनीता तिवाड़ी भी उपस्थित रहे।
विधायक मामले में साथ हैं या नहीं, जांच होगी
जिलाध्यक्ष जितेंद्र नेगी ने कहा कि अगर क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल महिला सभासद के साथ मारपीट और बदसलूकी के खिलाफ आंदोलन में शामिल नहीं हो रहे हैं। तो जांच कर उन्हें चेताया जाएगा।
भाजपा सभासदों में तू-तू मैं-मैं
नगर पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा द्वारा भाजपा महिला सभासद कविता शाह के साथ मारपीट और बदसलूकी के संबंध में पत्रकारवार्ता के दौरान भाजपा सभासद हरीश तिवाड़ी और शिवकुमार में एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए कहासुनी हो गई। मामला बढ़ता देख भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी को कड़े शब्दों में कहना पड़ा कि दोनों के खिलाफ कार्रवाई करूंगा।