- ओलंपिक पदक विजेता पद्मश्री योगेश्वर दत्त ने कहा प्रदेश सरकार कुश्ती सेंटर का करे निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। ओलंपिक पदक विजेता पद्मश्री योगेश्वर दत्त ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। यहां के युवा भी हरियाणा के युवाओं की तरह पदक जीतकर ला सकते हैं। इसके लिए प्रदेश में कुश्ती सेंटर का निर्माण किया जाना चाहिए।
मुनि की रेती स्थित एक होटल में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह हरियाणा के रोहतक जिले में उनकी कुश्ती अकादमी है, जिसमें करीब 100 छात्र कुश्ती का प्रशिक्षण लेते हैं। यदि उत्तराखंड सरकार यहां के बच्चों के लिए विश्व स्तरीय अकादमी बनाए तो हॉकी, बेडमिंटन, कुश्ती में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। कहा कि वह उत्तराखंड सरकार से यह आग्रह करेंगे कि प्रदेश में एक कुश्ती सेंटर का निर्माण किया जाए। कहा, जिस तरह हरियाणा में पहलवान छोटी उम्र से अखाड़े में संघर्ष करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं, उसी तरह उत्तराखंड के युवा भी संघर्ष करते हैं। कहा कि यदि उत्तराखंड सरकार खेलाें को महत्व दें तो यहां के युवा भी हरियाणा के युवाओं की तरह मेडल जीतकर लाएंगे। इस अवसर पर चंद्रवीर पोखरियाल, अनिरुद्ध पोखरियाल, डॉ. मेजर अभिनव असवाल आदि उपस्थित रहे।