देर रात लच्छीवाला वन रेंज कार्यालय के समीप वाले जंगल से हाथियों का एक झुंड गन्ने की फसल रौंदता हुआ आ धमका। गजराजों की चिंघाड़ ने इलाके में दहशत फैला दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। वनकर्मियों ने हाथियाें को जंगल में खदेड़ा।
सूचना मिलते ही वन विभाग का गश्ती दल मौके पर पहुंच गया और हाथियों को वापस जंगल में खदेड़ा। त्वरित कार्रवाई होने पर हाथी नुकसान नहीं कर सके। लच्छीवाला के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य पम्मीराज ने बताया कि जंगल से हाथी बैखौफ आबादी क्षेत्र में आ रहा है, जिससे भय का माहौल बन गया है।
विगत दिनों कालूवाला मार्ग पर हाथी के हमले से एक बच्चे की मौत होने के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है। आबादी वाले इलाकों में हाथी लगातार आ रहा है, जिससे लोग रात में घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि हाथियों को जंगल में खदेड़ने के लिए गश्ती दल लगातार सक्रिय होकर काम कर रहा है। हाथी के आबादी में आने पर तत्काल सूचना दें।