खांड गांव में हाथी की ओर से तोड़ी गई सुरक्षा दीवार।
- फोटो : RISHIKESH
रायवाला। खांडगांव में हाथियों के झुंड ने गांव में घुसने की कोशिश करते हुए जंगल सुरक्षा दीवार तोड़ने के साथ उसके ऊपर लगी ऊर्जा बाड़ को भी भारी नुकसान पहुंचाया।
ग्रामीण कपूर सिंह नेगी, अनिल नयाल, शांति देवी, आदि ने बताया कि शनिवार की देर रात राजाजी टाइगर रिजर्व की सीमा से सटे खांडगांव नबंर एक में धान की फसल खाने हाथियों का झुंड गांव में घुसने की कोशिश कर रहा था। किंतु गांव की सीमा पर लगी जंगल सुरक्षा दीवार और उसके ऊपर लगी उर्जा बाड़ के संपर्क में आने से हाथियों को ऊर्जा बाड़ के करंट का झटका लगा। सोलर उर्जा करंट का झटका लगने के बाद हाथी ने वहां पर जमकर उत्पात मचाया। गुस्साए हाथियों ने वहां पर करीब 30-40मीटर जंगल सुरक्षा दीवार को तोड़ दिया। साथ ही गांव की सिंचाई नहर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्राम प्रधान शंकर दयाल धनै ने बताया कि गांव जंगल की सीमा से सटा हुआ है। गांव की सुरक्षा दीवार और उर्जा बाड़ गांव की लाइफ लाइन से कम नहीं है। तत्काल मरम्मत की मांग की गई। रेंज अधिकारी एसएस नेगी ने बताया कि हाथियों के दीवार तोड़ने वाले स्थान का जायजा लिया गया जल्द इसकी मरम्मत की जाएगी।