विकासखंड में चार ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए चुनाव कराया जाएगा। नाम वापसी के बाद चुनाव की स्थिति साफ हो गई है। चुनाव आगामी 20 नवंबर को होगा। पंचायतों में रिक्त सीटों के लिए चल रही चुनाव प्रक्रिया के तहत रविवार को नाम वापसी का दिन रहा। नाम वापसी के दिन विभिन्न सीटों पर तीन उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया है। ब्लाॅक के एडीओ पंचायत राजेश नेगी ने बताया कि ग्राम पंचायत लिस्ट्राबाद में वार्ड संख्या 4 ग्राम पंचायत सदस्य पद पर सुमित और सुशील ठाकुर, ग्राम पंचायत गढ़ी मयचक वार्ड संख्या 8 में प्रदीप सिंह और शुभांकित रावत, ग्राम पंचायत जोगीावाला माफी के वार्ड संख्या 4 निखिल सिंह पंवार और पवन उनियाल के अलावा ग्राम पंचायत प्रतीतनगर के वार्ड संख्या 12 में सर्वाधिक चार उम्मीदवार ममता भंडारी, राजेश कुमार क्षेत्री, विवेक रावत और हिमांशु सिंह के बीच मुकाबला हो रहा है। बताया कि प्रतीतनगर में दो और जोगीवाला माफी ग्राम पंचायत सदस्य पद के एक उम्मीदवार ने नाम वापस लिया है। डोईवाला ब्लॉक में चार ग्राम पंचायत सदस्य सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान और 22 नवंबर को मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।