ढालवाला। थाना मुनि की रेती क्षेत्र के स्वामी नारायण आश्रम घाट पर एक हादसा हो गया। घाट पर टहल रहे एक 74 वर्षीय बुजुर्ग का अचानक पैर फिसल गया जिससे वह गंगा नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बहने लगे। घटना को देख मौके पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और मौके पर तैनात जल पुलिस ने बिना समय गंवाए तत्काल कार्रवाई करते हुए बुजुर्ग को नदी के तेज बहाव से सकुशल बाहर निकाल लिया। एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू किए गए बुजुर्ग को स्ट्रेचर के माध्यम से एंबुलेंस तक पहुंचाया जहां से उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान गणपति श्रीनिवासन 74 वर्ष, पुत्र गणपति, निवासी यूनाइटेड इंडिया कॉलोनी, कोदामबक्कम, चेन्नई, तमिलनाडू के रूप में हुई है। घटना के समय उनके परिजन भी उनके साथ मौजूद थे जिन्होंने रेस्क्यू टीम का आभार व्यक्त किया।