पर्यटकों के लिए चौरासी कुटिया खोलते पार्क उप वन संरक्षक पुनीत तोमर।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। कोरोना वैश्विक महामारी के कारण बीते सात महीने से बंद भावतीत महर्षि महेश योगी की चौरासी कुटिया पर्यटकों के लिए खुल गई। पहले दिन करीब 50 पर्यटकों ने चौरासी कुटिया का दीदार किया।
शुक्रवार को राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के उप वन संरक्षक पुनीत तोमर और वाइल्ड लाइफ वार्डन ललिता प्रसाद टम्टा ने संयुक्त रूप से चौरासी कुटिया का मुख्यद्वार खोला। पंडित रामेश्वर प्रसाद शुक्ला ने मुख्यद्वार पर पूजा अर्चना कर कुटिया को खोलने की प्रक्रिया पूरी करवाई। उप वन संरक्षक पुनीत तोमर ने बताया कि कोरोनाकाल के कारण राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क अंतर्गत चौरासी कुटिया को बंद करना पड़ा। लेकिन अब कोविड-19 के नियमों के तहत कुटिया को खोला गया है। कुटिया के खुलने से देशी, विदेशी पर्यटकों को यहां घूमने में आसानी होगी। इस मौके पर गौहरी रेंज अधिकारी बृजविहारी शर्मा, चंद्रमोहन सिंह पंवार, प्रवेश तड़ियाल आदि मौजूद थे।
करीब डेढ़ करोड का राजस्व दे चुकी चौरासी कुटिया
वर्ष 2015 के दिसंबर माह से खुली चौरासी कुटिया अब तक पार्क प्रशासन को करीब डेढ़ करोड़ का राजस्व दे चुकी है। वाइल्ड लाइफ वार्डन ललिताप्रसाद टम्टा ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि कोरोना के कारण अभी अंतरराष्ट्रीय सेवाएं बंद हैं, अंतरराष्ट्रीय सेवाएं खुलने पर विदेशी पर्यटकों की कुटिया में अधिक चहलकदमी होगी। जिससे पार्क प्रशासन का राजस्व अधिक बढ़ेगा।
देशी, विदेशी पर्यटकों के लिए है अलग-अलग शुल्क
चौरासी कुटिया में प्रवेश करने के लिए देशी, विदेशी पर्यटकों के लिए अलग-अलग शुल्क निर्धारित किया हुआ है। पार्क प्रशासन की ओर से यहां देशी पर्यटकों के लिए 150 रुपये और विदेशी पर्यटकों के लिए 600 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। इसके अलावा कुटिया में प्रवेश करने का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक है।