जौलीग्रांट। हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स) जौलीग्रांट के निदेशक (अस्पताल सेवाएं) डॉ हेमचंद्र पांडे को भारत सरकार के भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), नई दिल्ली की अस्पताल योजना समिति (एमएचडी 14) में प्रधानाचार्य सदस्य नियुक्त किया गया है।
डॉ हेमचंद्र पांडे इससे पूर्व एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, देहरादून के कुलपति के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। डॉ पांडे ने कहा कि भारतीय मानक ब्यूरो देश में विभिन्न क्षेत्रों के मानकों के निर्माण और विकास के लिए कार्य करने वाला राष्ट्रीय निकाय है। अस्पताल योजना समिति के माध्यम से अस्पतालों के नियोजन से जुड़े मानकों और तकनीकी पहलुओं पर कार्य किया जाता है।
स्वामी राम हिमालयन विवि अध्यक्ष डॉ विजय धस्माणा ने कहा कि यह नियुक्ति हिम्स जौलीग्रांट की संस्थागत उपलब्धियों की कड़ी में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इससे राष्ट्रीय स्तर पर अस्पताल सेवाओं की गुणवत्ता, बेहतर नियोजन और मानकीकरण से जुड़े प्रयासों में संस्थान की विशेषज्ञता के योगदान का मार्ग प्रशस्त होगा।