रायवाला वैदिक नगर में बैठक करते एनएच के अधिकारी।
- फोटो : RISHIKESH
रायवाला। हरिद्वार में कुंभ मेेले तक दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे को तैयार करने की मुहिम को लेकर कार्यदायी संस्था असमंजस में है। जिसका कारण रायवाला के वैदिकनगर में रेलवे अंडर पास कार्य में उपजी तकनीकी खामी है। खुदान कार्य को रेलवे प्रशासन की ओर से रेल ट्रैक की सुरक्षा कारणों का हवाला देकर फिलहाल रोक लगाई गई है। हाईवे प्रशासन ने भी तय समय सीमा में योजना को पूरा करने को लेकर विशेषज्ञों के साथ मंथन का दौर शुरू कर दिया है।
बुधवार को एनएचएआई के सीजीएम अमरेंद्र कुमार और एनएचएआई के तकनीकि सलाहकार जेएस संधु के साथ वैदिकनगर अंडर पास कार्यस्थल पर बैठक कर उपजी स्थिति को लेकर चर्चा की गई। जानकारी देते हुए एनएचएआई के देहरादून परिमंडल परियोजना निदेशक वैभव मित्तल ने बताया कि रेलवे अंडर पास के लिए किए गए खुदाई कार्य से ट्रैक की मिट्टी गिरने का क्रम जारी है। इसके चलते फिलहाल खुदान कार्य को रोक दिया गया है। मिट्टी गिरने सेे स्थिति गंभीर बनी हुई है। कुम्भ तक हाईवे को जोड़ने के सवाल पर निदेेशक ने कहा की सम्भव है कि हाईवे का एक साइड के ट्रैक पर टनल का निर्माण कर ट्रेफिक शुरू कर दिया जाएगा। जिसको लेकर इस समस्या को लेकर संयुक्त रूप से अधिकृत कंपनी सेतू निगम के अधिकारियों और एनएचएआई के उच्च अधिकारियों के अलावा कंसलटेंट कम्पनी के तकनीकि सलाहाकारों के साथ बैठक कर उत्पन्न स्थिति पर गहन चर्चा कर उचित हल के लिए तकनीकी सहयोग पर विचार विमर्श किया जा रहा है। यदि अंडर पास कार्य कुम्भ मेले तक पुरा नहीं हुआ तो रायवाला में यातायात को एक किमी पुराने हाइवे से ही गुजारना होगा।
पुशिंग टनल को खिसकाने का शुरू हुआ कार्य
रायवाला। वैदिकनगर में रेलवे अंडर पास के लिये टनल बनाकर तैयार की जा चुकी है। जिसको खिसकाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। विशाल जैक की मदद से टनलों को खिसका कर रेलवे ट्रेक के नीचले हिस्से में फिट कर उसके भीतर से होकर हाईवे का ट्रैफिक गुजारा जाएगा। ब्लाक नुमा तीन टनल बनकर तैयार है जिसमें से एक साइड वाली टनल को खिसकाया जा रहा है।