नीलकंठ धाम में ड्यूटी करने वाले स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अब रात्रि विश्राम की समस्या नहीं होगी। कुंभ मेला बजट से स्वास्थ्य विभाग के लिए यहां डॉरमेट्री का निर्माण कराया जाएगा। पौड़ी डीएम स्वाति एस भदौरिया की पहल पर भेजा गया प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है।
नीलकंठ धाम में वर्षभर हजारों देशी, विदेशी श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। वहीं कांवड़ यात्रा, कुंभ मेला और चारधाम यात्रा के दौरान यहां श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में पहुंच जाती है। ऐसे में ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को रात्रि विश्राम की सुविधा न होने से काफी परेशानी होती है।
स्वास्थ्य कर्मचारियों की समस्या को देखते हुए पौड़ी डीएम ने कुंभ मेला बजट से नीलकंठ धाम में डॉरमेट्री बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। अब इसका प्रस्ताव स्वीकृत हो गया है। डॉरमेट्री में छह कमरे, एक बड़ा हॉल, एक किचन और दो शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। भवन निर्माण होने से चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले के दौरान ड्यूटी करने वाले डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें ड्यूटी के बाद रात्रि विश्राम के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
-
कोट
नीलकंठ धाम में पौड़ी डीएम के पहल पर कुंभ मेला बजट में डॉरमेट्री बनाने का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है। डॉरमेट्री बनने से आपात स्थिति में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं देना आसान होगा। इससे श्रद्धालुओं को भी बेहतर इलाज मिल सकेगा। 9 डॉ. राजीव कुमार, अपर चिकित्साधिकारी यमकेश्वर