एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडरों से कामर्शियल गैस सिलेंडर में इस तरह हो रही गैस चोरी।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। शहर और इससे सटे देहात क्षेत्रों में घरेलू गैस का दुरुपयोग पूर्ति विभाग नहीं रोक पा रहा है। बड़े होटलों ओर ढाबों में खुलेआम घरेलू गैस का दुरुपयोग बंद नहीं हो पा रहा है। शहर और इससे सटे देहरादून रोड, हरिद्वार रोड, लक्ष्मणझूला रोड, इंद्रमणि बडोनी चौक, बापूग्राम, इंदिरानगर, गुमानीवाला, एम्स रोड पर स्थित बड़े होटलों और ढाबों में घरेलू गैस सिलिंडर उपयोग किया जा रहा है। घरेलू गैस का दुरुपयोग रोकने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में जहां गैस एंजेंसियों के कमर्शियल सिलिंडर बिकने कम हो गए हैं। कई होटलों और ढाबों में घरेलू गैस सिलिंडर को कमर्शियल गैस सिलिंडर में भी पलटने का काम चल रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
छह महीने नहीं हुई कार्रवाई
भले ही खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से कार्रवाई के नाम पर अपनी पीठ थपथपाई जा रही हो, लेकिन स्थिति यह है कि छह माह में पूर्ति विभाग ने किसी होटल और ढाबे पर कार्रवाई नहीं कीे। ऐसे में होटल और ढाबा स्वामी खुलेआम घरेलू गैस का इस्तेमाल कर रहे हैं।
कोट-
पूर्ति विभाग की ओर से एक प्रवर्तन दल का दल का गठन किया जाता है, जिसमें पूर्ति विभाग, स्थानीय प्रशासन और पुलिस जवान मौजूद होते हैं। उसके बाद कार्रवाई की जाती है। अभी कुछ दिनों पहले विभाग ने कार्रवाई थी, समय समय पर कार्रवाई की जाती है।
- विजय डोभाल, पूर्ति निरीक्षक ऋषिकेश क्षेत्र