गुमानीवाला के लालपानी क्षेत्र में निर्माणाधीन एकीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को निरीक्षण किया। कार्यदायी एजेंसी की ओर से अनुबंध शर्तों के अनुरूप कार्य न करने और धीमी गति पर डीएम ने नगर निगम के अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्था को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने नगर निगम से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और तय समय पर काम पूरा न होने पर कठोर कार्रवाई की बात कही है।
गुमानीवाला के लालपानी बीट में नगर निगम की ओर से करीब 23.15 करोड़ रुपये की लागत से 240 मीट्रिक टन प्रतिदिन ठोस अपशिष्ट प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। कार्यदायी एजेंसी की ओर से धीमी गति से काम करने से अभी तक प्लांट का 60 फीसदी काम ही हुआ है।
अनुबंध शर्तों के अनुसार दिसंबर 2025 तक काम पूरा होना चाहिए था। नगर निगम प्रशासन की ओर से भी पूर्व में संबंधित एजेंसी प्रबंधन को नोटिस देकर तय समय में निर्माण कार्य पूरा करने के लिए कहा गया था, लेकिन उसके बाद भी एजेंसी काम में तेजी नहीं ला पाई।
इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए नगर निगम के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को फटकार लगाई। डीएम ने अनुबंध की निर्धारित शर्तों और टाइमलाइन का पूरा ब्योरा और प्लांट निर्माण के कार्यों में आ रही समस्याओं की रिपोर्ट तलब की है।
प्लांट में अभी तक एलटीपी मशीनें और सेटअप न होने पर भी डीएम ने नगर आयुक्त को फॉलोअप करने और मशीन इंस्टालेशन कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। डीएम ने प्लांट में स्थापित की जा रही मशीनरी, कचरा पृथक्करण व्यवस्था और भविष्य की संचालन योजना की भी जानकारी ली। इस अवसर पर मेयर शंभू पासवान, सीडीओ अभिनव शाह, नगर आयुक्त गोपालराम बिनवाल, विक्रम सिंह, सुनील कुमार आदि उपस्थित रहे।
-
चार माह से बंद हैं प्लांट
जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासी पंकज गुप्ता ने कहा कि गोविंद नगर में कूड़ा निस्तारण का काम चार महीने से बंद है। नगर निगम की ओर से हर रोज यहां पर कूड़े के ढेर लगाए जा रहे हैं। इसके बाद जवाब में नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने कहा कि संबंधित एजेंसी का अनुबंध खत्म हो चुका है।