ऋषिकेश। गुमानीवाला में कूड़ाघर विरोधी संयुक्त संघर्ष समिति ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ बारिश में भी प्रदर्शन जारी रखा। लालपानी बीट में प्रतावित कूड़ा निस्तारण प्लांट के विरोध में ग्रामीण सोमवार को ग्रामीण सड़क पर उतर आए।
नगर निगम प्रशासन ने लालपानी में सोमवार से कूड़ा निस्तारण प्लांट का निर्माण कार्य शुरू करने की घोषणा की थी। उसके बाद से ग्रामीणों के प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया। सोमवार से प्रस्तावित निर्माण की शुरुआत को रोकने के लिए ग्रामीण सड़क पर भी उतरकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों में भारी आक्रोश भी देखने को मिला। उधर, भारी संख्या में ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन और बारिश के चलते नगर निगम और पुलिस प्रशासन की टीम प्लांट निर्माण कार्य शुरू कराने नहीं पहुंची।
‘आबादी क्षेत्र से पांच किलोमीटर दूर बनाएं नया प्लांट’
ग्रामीणों ने गत दिनों मेयर का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय कहा था कि वे गोविंदनगर स्थित कूड़ाघर को हटाने और नया प्लांट बनाने के विरोध में नहीं हैं। इसी नए प्लांट को आबादी क्षेत्र से करीब पांच किलोमीटर दूर बनाया जाए। साथ ही कूड़ाघर के वाहनों का रास्ता जंगलात रोड की ओर से परिवर्तित किया जाए। ग्रामीणों ने कहा कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो हमारा आंदोलन उग्र होता जाएगा।
बता दें कि लालपानी में कूड़ा निस्तारण प्लांट के विरोध में पांच वार्डों के ग्रामीण कूड़ाघर विरोधी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले अमित ग्राम स्थित शहीद स्मारक के पास बीते 244 दिनों से धरने पर डटे हुए हैं। ग्रामीणों ने सोमवार को कूड़ाघर निर्माण का पुरजोर विरोध करने का संकल्प लिया। प्रदर्शन के दौरान मानवेंद्र कंडारी, पुरुषोत्तम बडोनी, ग्राम प्रधान दीपिका व्यास, पार्षद वीरेंद्र रमोला, विजेंद्र मोगा, रणजीत थापा, धर्म सिंह, लाल सिंह आदि थे।