कांवड़ यात्रा चलते हाईवे पर मेरठ दिल्ली रूट का यातायात बंद होने से ऋषिकेश से दिल्ली की दूरी 50 किलोमीटर बढ़ जाएगी। सोमवार से रूट डायवर्ट होने की संभावना है। दूरी बढ़ने पर दिल्ली रुट पर सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त किराया देना होगा।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा में 25 जुलाई से कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। कांवडियों की भीड़ के चलते हाईवे पर यातायात बाधित नहीं हो, इसके लिए सोमवार से एक अगस्त तक मेरठ-दिल्ली रूट पर यातायात बंद होने की संभावना है।
मेरठ-दिल्ली रूट बंद होने से ऋषिकेश से दिल्ली जाने वाली रोडवेज डिपो की बसें चीला-नजीबाबाद वाया बिजनौर से होकर जाएंगी, जिससे दिल्ली की दूरी करीब 50 किमी बढ़ जाएगी। रोडवेज डिपो के क्षेत्रीय सहायक महाप्रबंधक नेतराम ने बताया कि फिलहाल नए रूट के लिए मुख्यालय से आदेश नहीं आया है। रूट परिवर्तित होने पर ऋषिकेश से दिल्ली की दूरी बढ़ने पर प्रति यात्री किराए में भी इजाफा होगा। साधारण बस का किराया 255 रुपये है तो बढ़कर 285 हो जाएगा।