बदरीनाथ राजमार्ग पर मालाकुंटी के समीप एक गुलदार का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नरेंद्र नगर वन प्रभाग मुनि की रेती को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटना स्थल की ओर रवाना हो गई।
पुष्कर मंदिर रोड निवासी भुवनेश्वर प्रसाद भारद्वाज ने बताया कि रविवार दोपहर को वह व्यासी से ऋषिकेश की ओर आ रहे थे। मालाकुंटी के समीप सड़क पर एक गुलदार का शव क्षत-विक्षत दिखाई दिया। उन्होंने इसकी सूचना वन्य जीव संरक्षण के ऑनलाइन वेबसाइट पर दर्ज कराई।
नरेंद्रनगर वन प्रभाग मुनि की रेती के प्रभागीय वनाधिकारी अमित कंवर ने बताया सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटना स्थल की ओर रवाना हो चुकी है। देखकर लग रहा है कि शव लेपर्ड कैट का है। जो रात में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया।