महादेव चट्टी झूला पुल के पास गिराया जा रहा आल वेदर रोड का मलबा।
- फोटो : RISHIKESH
पौड़ी जिले के द्वारीखाल ब्लॉक के बिचला ढांगू के लोगों के लिए ऑलवेदर रोड का काम खतरा बनता जा रहा है। कार्यदायी संस्था की ओर से महादेवचट्टी झूला पुल के ऊपर डंपिंग जोन बनाने से पुल के ऊपर बोल्डर गिर रहे हैं। ग्रामीणों ने ऑलवेदर रोड का डंपिंग जोन कहीं और शिफ्ट करने की मांग की है। वहीं एडीएम टिहरी ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इन दिनों कौडियाला और तोताघाटी के बीच ऑलवेदर रोड का काम चल रहा है। कार्यदायी संस्था की ओर से यहां पर महादेवचट्टी बस स्टाप के सामने डंपिंग जोन बनाया गया है।
स्थानीय निवासी सोहन सिंह बिष्ट का कहना है कि डंपिंग ग्राउंड के भरने के बाद भी कार्यदायी संस्था की ओर से डंपिंग ग्राउंड में मलबा डाला जा रहा है। इससे ओवरफ्लो होकर मलबा और बोल्डर नीचे महादेवचट्टी झूला पुल के ऊपर गिर रहे हैं। इस झूला पुल से पौड़ी जिले के बिचला ढांगू और मल्ला ढांगू के करीब 30 गांवों के लोग आवागमन करते हैं। स्थानीय ग्रामीणों की ओर से लोनिवि लैंसडोन के अधिकारियों को भी सूचित किया गया है।
- करीब एक सप्ताह से ऑल वेदर रोड के ठेकेदार की ओर से मलबा नीचे गिराया जा रहा है। इससे पुल को खतरा उत्पन्न हो गया है। नरेंद्रनगर तहसील के अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी मलबा डालने का काम जारी है।
- रेखा बिष्ट, ग्राम प्रधान चांदपुर, द्वारीखाल ब्लॉक पौड़ी गढ़वाल
कार्यदायी संस्था की ओर से डंपिंग ग्राउंड के ओवरफ्लो होने के बाद मलबा नीचे गिराया जा रहा है तो यह गंभीर मामला है। मलबे से महादेवचट्टी के झूला पुल को नुकसान न हो इसके लिए संबंधित ईई को व्यवस्था बनाने को कहा जाएगा।
- शिवचरण द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल