प्रतीतनगर स्थित बनखंडी महादेव मंदिर में सेंध लगाकर शातिर चोरों ने दानपात्र से नकदी और धातु के पात्र, घंटी उड़ा दी। वारदात से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। शुक्रवार सुबह बनखंडी महादेव में चोरी की जानकारी उस वक्त हुई जब एक श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर आया।
मंदिर के ताले टूटे देख उसे अनहोनी की आशंका हुई। श्रद्धालु ने सूचना मंदिर समिति अध्यक्ष शूरवीर सिंह पंवार को दी। पुलिस ने छानबीन की तो मंदिर का दानपात्र टूटा और चढ़ावे की नकदी गायब मिली। चोर शिव मंदिर और दुर्गा मंदिर के भी ताले तोड़कर धातु के पात्र लोटे, घंटी भी लेकर चंपत हो गए।
छानबीन में पुलिस को मंदिर परिसर से लोहे का एक सब्बल मिला। माना जा रहा है कि चोरों ने सब्बल से ताला और दानपात्र तोड़ा है। पुलिस को संदेह है चोरी की घटना को किसी नशेड़ी ने अंजाम दिया है। मंदिर परिसर के आसपास नशेड़ी भी घूमते देखे गए हैं।
थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। मंदिर समिति सदस्य राजेश जुगलान, गणेश रावत, नवीन चमोली ने पुलिस से क्षेत्र सक्रिय नशेड़ियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।