ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
आगामी लोकसभा चुनाव में नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। कोतवाली पुलिस की ओर से राजनैतिक पार्टी से संबंध रखने वालेे लोगों से दस हजार रुपये का बांड भरवाया है। साथ ही चेताया है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार का माहौल खराब न हो। सोमवार को कोतवाली पुलिस की ओर से एक शिविर के जरिये ऐसे लोगों से 10 हजार रुपए के मुचलके भरवाए गए। तहसील परिसर में आयोजित इस शिविर के माध्यम से ऋषिकेश, श्यामपुर, आईडीपीएल सहित अन्य क्षेत्रों के करीब 180 लोगों से बांड भरवाया गया।
पुलिस की ओर से नियुक्त चुनाव प्रभारी मनोज सागर ने बताया कि राजनैतिक पार्टी से जुड़े लोगों से दस-दस हजार रुपये के मुचलके भरवाए गए हैं। इन्हें चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को भी कहा गया है। यदि चुनाव के दौरान यह फिर भी माहौल खराब करते पाए जाते हैं, तो इनसे मुचलके की राशि वसूल की जाएगी। साथ ही इनके खिलाफ न्यायालय में मुकदमा भी दायर किया जाएगा।