ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। इंजीनियरिंग के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलेगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस सहित मृतक के परिजन भी मान रहे हैं कि मौत के पीछे संदिग्ध हालात प्रतीत हो रहे हैं। दो दोस्तों के साथ बीते मंगलवार की रात ऋषिकेश पहुंचे चमोली के कुलसारी गांव निवासी अंकित कठैत की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। अंकित की दोस्त गौरव तिवाड़ी और हिमांशु रावत के मुताबिक तीनों की बुधवार को राफ्टिंग की योजना थी।
मंगलवार की रात बस अड्डा स्थित गेस्ट में ठहरे तीनों ने एक साथ खाना खाया, जिसके बाद अंकित मोबाइल फोन पर व्यस्त हो गया और अन्य दोनों सो गए। रात में उठकर देखा तो अंकित के मुंह से झाग निकल रहा था। उसे ऑटो से राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया था, यहां चिकित्सकों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया था। उधर, हिरासत में लिए गए अंकित के दोनों साथियों के परिजनों को पुलिस ने सूचित कर बुलवाया है। परिजनों के आने के बाद दोनों को उनके सुपुर्द कर दिया जाएगा। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने में तीन से चार दिन का समय लग सकता है।