शिवपुरी के समीप गंगा में डूबे गुजरात के दो युवकों का चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। चौथे दिन पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तीन टीमें बनाकर रेस्क्यू चलाया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजीत कुमार ने बताया कि मंगलवार को मुनिकीरेती पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने गुजरात के डूबे दो युवकों की तलाश के लिए तीन टीम बनाई। पहली पुलिस की टीम शिवपुरी से ब्रह्मपुरी और दूसरी पुलिस टीम ब्रह्मपुरी से नीमबीच तक गंगा किनारे पैदल चल कर दोनों लापता युवकों की तलाश में जुटी। तीसरी एसडीआरएफ की टीम शिवपुरी से गंगा में दो राफ्टों से रेस्क्यू चला रही है।
उन्होंने बताया कि देर शाम तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बता दें कि बीती 28 जून को गुजरात से शिवपुरी घूमने आया एक युवक फैनिल ठक्कर शिवपुरी के समीप पांव फिसलने से गंगा में बह गया था। उसे बचाने के चक्कर में उसके दोनों साथी कुणाल कौसाड़ी और जेनिश पटेल भी गंगा में कूद गए थे और वह भी गंगा में बह गए। 28 जून को पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर पैनिक ठक्कर का शव बरामद कर लिया था। बाकी दोनों युवकों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया।