ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। निर्मल बाग वीरपुर खुर्द पशुलोक स्थित साक्षी ज्वैलर्स के मालिक सराफ वीरेंद्र सिंह चौहान को गोली मारकर लूटने की घटना को एक महीना हो गया है, लेकिन पुलिस अब तक बदमाशों को पकड़ने में नाकाम रही है। यही कारण है कि सराफ वीरेंद्र सिंह का परिवार खौफ में जीवन जीने को विवश है। वीरेंद्र सिंह की रीढ़ की हड्डी में लगी गोली तो चिकित्सकों ने निकाल ली है, लेकिन उनका कमर से नीचे का हिस्सा सुन्न पड़ चुका है।
रिश्तेदार लक्ष्मण सिंह चौहान के अनुसार चिकित्सकों ने बताया है कि घायल वीरेंद्र सिंह के कमर से नीचे का हिस्सा पैरलाइज हो चुका है। उनकी पत्नी प्रभा चौहान भी अस्वस्थ चल रही हैं। लक्ष्मण चौहान का कहना है कि लगातार परिवार के साथ हुई वारदात और पुलिस की नाकामी से परिवार पूरी तरह से टूट चुका है। परिवार में दहशत इस कदर व्याप्त है कि घर में भी चैन से नहीं रह पा रहे हैं। उनका कहना है कि पूर्व में भी लूट की घटना हो चुकी है। अब जानलेवा हमले के बाद पुलिस से भी भरोसा उठ गया है। हमारी सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता पहल नहीं हो पा रही है।
19 मई को सराफ को गोली मारकर हुई थी लूटपाट
सराफ व्यापारी वीरेंद्र सिंह चौहान को बीती 19 मई को नकाबपोश बदमाश ने गोली मारकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। बुरी तरह से जख्मी वीरेंद्र सिंह उपचार के बाद अब एम्स ऋषिकेश से घर आ गए हैं। अब वह घर पर बेड रेस्ट पर हैं। एम्स में उनके दो ऑपरेशन हुए। इस दौरान चिकित्सकों ने वीरेंद्र की रीढ़ की हड्डी में लगी गोली को निकाल दिया है।