ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। उत्तराखंड परिवहन निगम की बस से मसूरी घूमने जा रहे दिल्ली के युवकों ने जमकर हंगामा काटा। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में धुत थे। चालक और परिचालक के काफी मना करने के बाद शराबी नहीं माने। मजबूरन चालक ने बस को पुलिस पिकेट पर रोककर शराबियों को पुलिस के हवाले किया। हरिद्वार से देहरादून जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की एक बस में तीन शराबियों ने जमकर हंगामा काटते हुए सवारियों से अभद्रता की।
चालक और परिचालक ने शराबियों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन शराबी हुड़दंग मचाने से बाज नहीं आए। यही नहीं सवारियों के साथ गाली गलौज करते रहे। इससे बस में बैठी सवारियों को काफी परेशानी हो रही थी। मजबूरन चालक ने बस को मोतीचूर पुलिस पिकेट पर रोका और शराबियों को पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने बताया की पकड़े गये युवक कालकाजी दिल्ली के रहने वाले है, जोकि मसूरी घूमने के लिए जा रहे थे।