ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। नगर के मुख्य रेलवे रोड़ बाजार में कास्मेटिक की दुकान में सेंधमारी कर चोरों ने हजारों के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए। कोतवाली के अंतर्गत रेलवे रोड़ पर प्रवीण गुप्ता की बीएम स्टोर से कास्मेटिक की दुुकान है। देर रात चोरों ने दुकान में घुसने के लिए पीछे घुसकर बड़ा छेद कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने दुकान में कीमती कास्मेटिक का समान और नकदी पर हाथ कर लिया। इतना ही नहीं चोर दुकान के अंदर से खाद्य सामग्री ले गए।
स्थानीय व्यापारी सतपाल गोयल ने बताया कि रेलवे रोड़ की दुकानों में करीब पांच बार इस तरह से चोरी की गई है, जिससे व्यापारियों में रोष बढ़ रहा है। बता दें कि जिस दुकान में सेंधमारी की गई है, वह से पुलिस पिकेट से महज कुछ दूरी पर है। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र रौतेला ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में फुटेज में दो लोग दिखाई दिए हैं, जिनकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।