ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। विभागों की अनदेखी के चलते गैर पंजीकृत ट्रैक्टर तीर्थनगरी में बेलगाम अवैध खनन में लिप्त हैं। ऐसे में जहां राजस्व को भारी क्षति पहुंचा रही है, वहीं पंजीकृत ट्रैक्टर संचालक परेशान हैं। परिवहन विभाग और तहसील प्रशासन की अनदेखी से परेशान पंजीकृत वाहन संचालकों ने अपना रजिस्ट्रेशन संभागीय परिवहन कार्यालय में जमा करने का फैसला लिया है। एआरटीओ कार्यालय ऋषिकेश में पंजीकृत कामर्शियल ट्रैैक्टर 473, ट्राली 467 और 4631 ट्रक हैं।
इसके अलावा कृषि कार्य के लिए 1051 ट्रैक्टर पंजीकृत हैं। इन पंजीकृत वाहनों में सात टन की ट्रॉली से सालाना 7560, दो टन के ट्रैक्टर से 4000, 17 टन के ट्रक से 18,360 रुपए का टैक्स वसूला जाता है। गंभीर मामला यह है कि जो ट्रैक्टर व्यावसायिक में पंजीकृत नहीं हैं वे अवैध खनन की ढुलाई में धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। हरिद्वार, रुड़की से आने वाले ट्रैक्टर ट्रालियों का हुजूम रोजाना सुबह पांच बजे देखा जा सकता है। मानकों के मुताबिक ट्राली में सिर्फ छह हजार ईंटें ही ढोई जा सकती है। हकीकत यह है कि ट्रैक्टर-ट्राली संचालक 10 हजार ईंट लादकर छह हजार की पर्ची लेकर घूम रहे हैं। ये हाल तब है जब रुड़की, हरिद्वार से ऋषिकेश आने में आठ से दस पुलिस चौकियों की निगरानी से गुजरना पड़ता है।
सरकार ट्रांसपोर्टरों पर ध्यान नहीं दे रही है। गाड़ी का बीमा भी महंगा किया हुआ हैं। इस समय ऑलवेदर रोड में मिट्टी भरान का कार्य किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय पंजीकृत संचालकों को काम नहीं दिया जा रहा है। बाहरी राज्यों की गाड़ियां यहां लोकल में काम कर रही है। यह सीधे-सीधे परमिट शर्तों का उल्लंघन हो रहा है।
- दिनेश बहुगुणा, गढ़वाल ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन
बाहरी क्षेत्रों से यहां खनिज की ढुलाई हो रही है। कई बार प्रशासन को ज्ञापन भी दिया गया, लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। हम लोग टैक्स भी देते हैं। हमारा क्षेत्र भी सात किलोमीटर तक ही सीमित है, फिर भी पुलिस हमें बेवजह परेशान भी करती है। हमारी एसोसिएशन के सभी ट्रैक्टर ट्राली संचालक अपने-अपने रजिस्ट्रेशन एआरटीओ कार्यालय को 15 जनवरी से पूर्व सौंप देंगे।
- रमेश रांगड़, देवभूमि ट्रैक्टर मालिक एवं चालक संघ
बाहरी राज्यों से यदि यहां मालवाहक वाहक आ रहे हैं तो उनका परमिट अवश्य होगा। हमने पिछले साल अप्रैल से दिसंबर के बीच कुल 183 टैक्टर ट्रालियों का चालान किया है। इसमें 133 ऐसे हैं, जो कृषि कार्य के लिए पंजीकृत थे मगर, इसका उपयोग व्यावसायिक कार्यों में हो रहा था। ट्रैक्टर ट्राली वालों की पूर्व में कैपेसिटी बढ़ाने की मांग थी। मुख्यालय ने इसमें सवा दो टन की बढ़ोतरी की है।
- डॉ. अनिता चमोला, एआरटीओ ऋषिकेश
ऋषिकेश क्षेत्र में कुल पांच लोगों को खनिज भंडारण के लाइसेंस दिए गए हैं। इसमें ढालवाला के संतोष पांथरी, हरिद्वार रोड पुरानी चुंगी के समीप सत्यवीर तोमर, बाईपास मार्ग से सुशीला भट्ट, मंशा देवी से उदय चंद रमोला, रायवाला तीन पानी में आकाश जैन शामिल हैं। इसके अलावा यदि खनिज भंडारण हो रहा है तो वह पूरी तरह से अवैध है।
- कुंदन सलाल, खनिज अधिकारी