ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। गंगा में एक किशोर सिक्का बीनते वक्त तेज धारा की चपेट में आने से डूब गया। जल पुलिस ने मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाकर किशोर को गंगा से बाहर निकाला। किशोर को एंबुलेंस से राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। त्रिवेणी घाट चौकी इंचार्ज किशन चंद देवरानी ने बताया कि सोमवार की दोपहर त्रिवेणी घाट पर गंगा नदी में 15 वर्षीय रोशन कुमार पुत्र हरेन्द्र कुमार निवासी मायाकुंड, मूल निवासी बिहार डंडे में कपड़ा बांधकर चुंबक की सहायता से सिक्के बीन रहा था।
गंगा की तेज धारा ने किशोर को अपनी चपेट में ले लिया। त्रिवेणी घाट स्थित शिव मूर्ति के समीप जल पुलिस के जवान हरीश गुंसाई ने रेस्क्यू कर किशोर को बाहर निकाला। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से किशोर को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रोशन की मौत की खबर सुनकर परिजनों सहित क्षेत्र के लोगों में कोहराम मचा हुआ है।