ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। भानियावाला हरिद्वार हाईवे पर दोपहर में एक तेज गति से आ रही कार ने अनियंत्रित होकर बस और बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनाक्रम के अनुसार मोहन सिंह 32 पुत्र कुंवर सिंह निवासी नाली कला पीपीसीएल थाना मसूरी हाल निवासी माजरी ग्रांट डोईवाला अपनी बाइक से भानियावाला की ओर आ रहे थे। इसी बीच विपरीत दिशा से तेज गति से आई एक कार ने अनियंत्रित होकर बाइक और सड़क किनारे खड़ी बस को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी खतरनाक थी कि आवाजें सुनकर लोग घरों से बाहर आ गए । कार की टक्कर लगने पर बाइक सवार मोहन की मौत हो गई। जबकि बस क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार शुभम 26 निवासी बौराड़ी अठूरवाला और रोबिन 22 निवासी नुन्नावाला भानियावाला घायल हो गए। घायलों को हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया है। जौलीग्रांट पुलिस चौकी प्रभारी महावीर सिंह रावत ने बताया कि कार सवार दोनों युवक शादी समारोह के लिए समान लेकर जा रहे थे। कार नियंत्रण से बाहर होने पर हादसा हो गया। मृतक मोहन परिवार के साथ माजरी में ही रहता था। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।