संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। नगर निगम अंतर्गत बनखंडी में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के तहत आयोजित पंजीकरण शिविर के स्थान के लिए विवाद हो गया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामला शांत कराया। उसके बाद शिविर का आयोजन हुआ।
नगर निगम की ओर से चार-चार वार्डों को मिलाकर यूसीसी के तहत पंजीकरण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को रामलीला मैदान में पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जाना था। सुबह करीब 10 बजे लोग पंजीकरण के लिए पहुंचना शुरू हो गए थे। लेकिन पंजीकरण के लिए टीम नहीं पहुंची। कई देर तक टीम के नहीं आने पर लोग भड़क गए। लोगों ने आरोप लगाया कि एक पूर्व जनप्रतिनिधि जगह पर आपत्ति जता रहे हैं, जिस कारण टीम नहीं आ रही है।
निगम अधिकारियों से लेकर पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चीता पुलिस के दो कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पंजीकरण शुरू हुआ। नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी बताया कि चार-चार वार्डों में पंजीकरण के लिए शिविर लगाया जा रहा है। बनखंडी में बुधवार को शिविर लगना था, जिसकी तारीख बदलने के कारण टीम देरी से पहुंची। इस मौके पर हरिराम अरोड़ा, योगेश कालरा, अशोक थापा, जितेंद्र पाल पाठी, अभिनव पाल, रणवीर सिंह, अमित उप्पल, सुशील पाल, विशु पाल आदि शामिल रहे।