- ग्राहकों की कमी से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हुआ
ऋषिकेश। तीर्थनगरी में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश का असर बाजार की रौनक पर भी देखने को मिला। सुबह से हो रही रिमझिम बारिश के चलते बाजार में ग्राहकों की आवाजाही कम रही जिससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हुआ। बाजार में दुकानें खुली रहीं लेकिन ग्राहकों की कमी के चलते अधिकांश दुकानदार दिनभर ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए।
दुकानदार राहुल पाल और प्रवीण गुप्ता ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सबसे ज्यादा परेशानी ठेली-फड़ लगाकर आजीविका चलाने वाले छोटे व्यापारियों को उठानी पड़ रही है। बारिश के चलते कई छोटे व्यापारियों ने पिछले दो दिनों से अपनी दुकानें तक नहीं लगाई हैं। इससे उनकी रोजाना की कमाई पर असर पड़ा है। आईडीपीएल हाट बाजार में भी रौनक कम रही हाट मैदान में बारिश से हुए कीचड़ के चलते ग्राहकों का आवागन कम रहा। वहीं बाजार की स्थायी दुकानें खुली रहने के बावजूद ग्राहकों की आवाजाही बेहद कम रही। शाम के समय बारिश की रफ्तार कुछ कम होने पर बाजार में स्थानीय लोगों और पर्यटकों की चहल-पहल दिखाई दी। लगातार बारिश के कारण बाजार की सामान्य रौनक फीकी रही और दुकानदारों का कारोबार कम रहा।