ऋषिकेश। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच का कथित तौर पर यज्ञ और गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण किए जाने के मामले में कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। बुधवार को कांग्रेस प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने रायवाला कोतवाली पहुंचकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को शिकायती पत्र भी सौंपा। कांग्रेस प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला और ज्येष्ठ प्रमुख धनवीर बेंदवाल ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में जातिगत भेदभाव को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि मामले में काफी समय बीतने के बावजूद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होना गंभीर विषय है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रायवाला अध्यक्ष गोकुल रमोला और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान का अधिकार देता है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी व्यक्ति या समुदाय का सार्वजनिक रूप से अपमान करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। इस दौरान दीपा चमोली, मंजू क्षेत्री, मनोज गुसाईं, कुंवर सिंह गुसाईं, गजेंद्र विक्रम शाही, राजेंद्र तिवारी, अंकित खंकरियाल, नवीन, राजीव यादव आदि मौजूद रहे।