वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने कोतवाली लक्ष्मणझूला में कांवड़ मेले को लेकर बैठक की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ मेले का सकुशल संचालन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि अधिकारी, कर्मचारी पूरी सतर्कता, तत्परता अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों की नियमित समीक्षा की जाए। फरार, वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। गैरजमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील की जाए। ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाया जाए। बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू सहायकों एवं श्रमिकों के सत्यापन अभियान चलाया जाए। होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस एवं अन्य सार्वजनिक आवासीय प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) अनूप काला, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई, क्षेत्राधिकारी सदर पौड़ी तपेश कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र खाती सहित समस्त थाना प्रभारी मौजूद रहे।