संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने बुधवार को भीमगोड़ा बैराज तिराहे के पास से मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस को 20 से 22 लाख रुपये के कीमत के करीब 84 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। थाना पुलिस ने आरोपी सतेंद्र निवासी बिजनौर उत्तरप्रदेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया।
थाना पुलिस ने बताया कि भारत साधु समाज स्वर्गाश्रम निवासी भगीरथ ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी साधु समाज घाट स्थित रामझूला के पास में फूल और माला बेचने की दुकान है। कुछ दिन पहले किसी अज्ञात चोर ने उनका फोन चोरी कर लिया। अज्ञात व्यक्ति ने उनके फोन से साइबर धोखाधड़ी करते हुए खाते से 1,78,000 रुपये निकाल दिए। सूचना पर थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी करने के संबंध में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
थाना पुलिस ने एक अक्तूबर की शाम चेकिंग अभियान के दौरान भीमगोड़ा बैराज तिराहे के पास से ग्राम वासटा, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी कड़च्छ मोहल्ला, ज्वालापुर, जिला हरिद्वार निवासी सतेंद्र उर्फ झपटी(29) को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से पुलिस को 84 मोबाइल फोन बरामद हुए। थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया की आरोपी सतेंद्र उर्फ झपटी से पूछताछ में पता चला कि वह हर तीन महीने में अपने ठहरने के ठिकाने बदलता है। आरोपी ने घटित घटनाओं के संबंध में बताया की उसने हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून और बिजनौर क्षेत्र में गंगा घाटों, आश्रम, धर्मशालाओं और होटल में यात्रियों और पर्यटकों के कीमती मोबाइल फोन को झपट्टा मारकर, झांसा देकर और यात्रियों को पर्यटक क्षेत्र की जानकारी देने के नाम पर सुनसान जगह पर ले जाकर, बातों में उलझाकर उनके बैग और कीमती मोबाइल फोन पर हाथ साफ करता था।
अभियुक्त पहले भी हरिद्वार और ऋषिकेश क्षेत्र में ऐसी दर्जनों घटनाओं को अंजाम दे चुका है। अभियुक्त के खिलाफ हरिद्वार, देहरादून, जीआरपी हरिद्वार और बिजनौर जनपद के अलग-अलग थानों में करीब आधा दर्जन से अधिक चोरी ओर झपट्टा मारने के साथ ही गैंगस्टर में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी ने भागीरथ का मोबाइल फोन चोरी करने के बाद शिकायतकर्ता के अकाउंट से कुल 1,71000 रुपये और यूपीआई के माध्यम से निकालने का प्रयास किया। जिसमें जनपद साइबर यूनिट की ओर से समय रहते 90000 रुपये को भगीरथ के बैंक अकाउंट में होल्ड कर दिया गया। आरोपी के पास से करीब 84 फोन बरामद हुए। इन फोनों की अनुमानित कीमत 20 से 22 लाख रुपये आंकी गई है।