कोतवाली पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 50 मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। पुलिस ने 10 दोपहिया वाहनों को सीज भी किया है। जांच के दौरान पाया गया कि चालानी कार्रवाई से बचने के लिए कुछ बाइक चालकों ने नंबर प्लेट ही हटाई हुई थी और नंबरों में हेराफेरी भी की हुई थी।
सहायक पुलिस अधीक्षक देवव्रत जोशी ने बताया कि क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे दोपहिया वाहनों के खिलाफ अभियान चलाते हुए करीब 50 मोटरसाइकिलों को कब्जे में लिया गया है। दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। कुछ वाहन चालकों ने चालानी कार्रवाई से बचने के लिए अपनी नंबर प्लेट हटाई हुई थी और कुछ ने नंबरों में हेराफेरी की हुई है। ऐसे दस वाहनों को सीज कर दिया गया है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।