श्रम विभाग की टीम ने भानियावाला क्षेत्र में विभिन्न फेब्रिकेटर और वेल्डिंग वर्कशाप में नाबालिग से काम कराए जाने की शिकायत पर औचक छापामारी की। बाल श्रम का मामला तो नहीं मिला, लेकिन न्यूनतम वेतन देने पर तीन दुकानों का चालान किया है।
डोईवाला ब्लॉक के भानियावाला क्षेत्र में फेब्रिकेटर और वेल्डिंग वर्कशॉप की भरमार है। श्रम विभाग को पिछले काफी समय से इन वर्कशॉपों में बाल मजदूरी की शिकायत मिल रही थी। बीते शनिवार देर शाम सहायक श्रमायुक्त उमेश चंद्र राय के नेतृत्व में विभागीय टीम ने भानियवाला क्षेत्र में बाल श्रम अधिनियम उल्लंघन के मामले में औचक कार्रवाई करते हुए फेब्रिकेटर और वेल्डिंग वर्कशापों में ताबड़तोड़ छापामारी की।
हालांकि बाल श्रम का मामला नहीं मिला। सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948 के उल्लंघन पर इंतजार फेब्रिकेटर, अमित ट्रैक्टर वर्क्स और शमीम वेल्डिंग वर्कशॉप का चालान किया है। बताया कि यहां कार्यरत श्रमिकों के वेतन और काम करने के रिकार्ड का रजिस्टर नहीं बना रखा था। श्रमिकों को श्रम अधिनियम में निर्धारित वेतन से न्यूनतम वेतन दिए जाने पर कार्रवाई की गई। बाल श्रम रोकने के लिए छापामारी की कार्रवाई चलती रहेगी।