बद्रीनाथ हाईवे पर दिल्ली नंबर की एक प्राइवेट कार के बेकाबू होकर खाई में गिरने से एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने हादसे की वजह स्टेयरिंग लॉक होना बताया है। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कार में सवार एक ही परिवार के चार लोग देवप्रयाग से दिल्ली जा रहे थे। हाईवे पर शिवपुरी और ब्यासी के बीच कार अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे में जगदीश सिंह रावत (66) पुत्र स्व. जोत सिंह, उनकी पत्नी जानकी रावत (62), पुत्र यशवंत रावत (42), पुत्रवधु किरन रावत (36) निवासी 24-15 लक्ष्मीबाई नगर, नई दिल्ली घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और 108 आपातकालीन सेवा से ऋषिकेश राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने किरन को दून हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद अन्य घायलों की छुट्टी कर दी गई है। मुनिकीरेती थाना प्रभारी निरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि कार को खाई से निकाल लिया गया है। हादसे की वजह कार का स्टेयरिंग लॉक होना है।
बाइक महिला से टकराई, दो घायल
सड़क पार कर रही एक महिला से बाइक जा टकराई। हादसे में दोनों घायल हो गए। उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बुधवार दोपहर मिथलेश पांडेय (48) पत्नी देवेंद्र पांडेय निवासी पशुलोक, श्यामपुर हाट बाजार के पास सड़क पार कर रही थी। तभी ऋषिकेश की ओर से आ रही एक बाइक उनसे जा टकराई। हादसे में बाइक सवार इंद्रजीत सिंह (39) पुत्र सर्वजीत सिंह निवासी छिद्दरवाला और महिला घायल हो गई।