- रेबीज टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, नियमित रूप से चलेगा अभियान
डोईवाला। शहर में बढ़ रही कुत्तों के काटने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नगर पालिका ने लावारिस कुत्तों के बंध्याकरण और रेबीज टीकाकरण अभियान तेज कर दिया है। स्वान पशु बंध्याकरण एवं वैक्सीनेशन कार्यक्रम के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पकड़े गए 10 लावारिस कुत्तों का बंध्याकरण, रेबीजरोधी टीकाकरण और स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
बृहस्पतिवार को नगर पालिका ने ह्यूमन वेलफेयर फॉर एनिमल इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से अभियान चलाया। कुत्तों का उपचार पशु चिकित्सकों की निगरानी में कराया गया, ताकि उनकी सेहत सुरक्षित रहे और रेबीज संक्रमण का खतरा कम हो। नगर पालिका के मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन सिंह रावत ने बताया कि लावारिस कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने और कुत्तों के काटने की घटनाओं में कमी लाने के लिए यह अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बंध्याकरण और टीकाकरण से कुत्तों की बढ़ती आबादी पर नियंत्रण के साथ रेबीज की रोकथाम में भी मदद मिलेगी। नगर पालिका का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ पशु कल्याण के मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।