श्यामपुर भाजपा मंडल की ओर से होली मिलन समारोह मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक और कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली खेली।
कैबिनेट मंत्री प्रेमंचद अग्रवाल कहा कि होली पवित्रता का त्योहार है। इसमें गिले शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदैव होली पर वोकल फॉर लोकल को अपनाने की बात कही। होली पर्व पर अपने आसपास रंग बनाने वाले, गुझिया जैसे पकवान बनाने वालों से ही सामान खरीदें। इससे स्थानीय लोगों को भी अपने रोजगार के जरिए आजीविका कमाने का अवसर मिलेगा। साथ ही भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में ओर अग्रसर होगा।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ फूलों की होली खेलकर बधाई दी। इस मौके पर चंद्रमोहन पोखरियाल, सोनी रावत, दिनेश पयाल, प्रदीप धस्माना, गंभीर राणा, कमला नेगी, मधु, अनिल भट्ट आदि मौजूद रहे।
-
कार्यक्रम स्थल के बाहर हुआ कैबिनेट मंत्री का विरोध
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल की ओर से विधानसभा में उत्तराखंड मूल से जुड़ी बात पर टिप्पणी किए जाने वाला मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा के श्यामपुर मंडल की ओर से आयोजित कार्यक्रम स्थल के बाहर काफी संख्या में लोग पहुंचे और काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी लालमणि रतूड़ी ने बताया कि मंत्री का कार्यक्रम जहां भी होगा, इसी तरह का विरोध प्रदर्शन का सामना मंत्री को करना पड़ेगा। आने वाले पंचायत चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भी उत्तराखंड मूल के लोग मुंहतोड़ जवाब देंगे।