हरिद्वार हाईवे पर जाम लगने के कारण रोडवेज बस अड्डे तक बसें समय से नहीं पहुंच पाई। बस अड्डे पर यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ा। वहीं सड़कों पर जाम लगने से कई ऑटो विक्रम जाम में फंसे रहे। इससे तीर्थयात्रियों को बाजारों में पैदल ही चलना पड़ा।
वीकेंड पर सुबह से ही हाईवे पर वाहनों का दबाव होने के कारण रोडवेज की बसें जाम में फंस रही। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली बसें तपोवन से जाम में फंस थी। वहीं, हरिद्वार से आने वाली बसें नेपालीफार्म से आगे जाम के कारण रेंग-रेंग कर आती रही। जाम के कारण रोडवेज बस अड्डे पर हरिद्वार और अन्य स्थानों से आने वाली बसें देरी से आई। इससे देहरादून और हरिद्वार की ओर जाने वाले यात्रियों को बसों का इंतजार करना पड़ा। जो भी बसें आ रही थी, उसके ही पीछे यात्री दौड़ लगा रहे थे। रोडवेज की वरिष्ठ केंद्र प्रभारी मुकेश रानी ने बताया कि कई बसें जाम में फंस गई थी।