यमकेश्वर। विकासखंड के ठांगर गांव में शुक्रवार शाम लंगूर के अचानक झपटने से घबराकर सड़क पर गिरने से 11 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बेहोशी की हालत में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यमकेश्वर ले जाया गया। वहां उसकी स्थिति चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। एम्स में एमआरआई जांच के दौरान उसके सिर में खून का थक्का जमने की पुष्टि हुई है। फिलहाल किशोर का उपचार जारी है।
11 वर्षीय शिवांशु पुत्र सतीश निवासी बगोड़ गांव इन दिनों अपनी नानी के घर ठांगर आया हुआ था। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वह खाद्य सामग्री लेकर सड़क पर जा रहा था। इसी दौरान अचानक एक लंगूर ने उस पर झपट्टा मार दिया। घबराकर वह सड़क पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यमकेश्वर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। एम्स में कराई गई एमआरआई जांच में उसके सिर में खून का थक्का जमने की बात सामने आई। उसका उपचार चल रहा है। लालढांग रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अनुराग जोशी ने बताया कि लंगूर के झपटने से घबराकर सड़क पर गिरने से घायल हुए बालक का एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम एम्स ऋषिकेश में मौजूद है।