ठंड का प्रकोप बढ़ते ही शहर में सुबह और शाम की शीतलहर ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। नगर निगम प्रशासन ने अलाव जलाने के लिए वन विकास निगम को पत्र भेजकर लकड़ी उपलब्ध कराने की मांग की है। 10 दिसंबर से 18 चौक चौराहों पर अलाव जलने शुरू हो जाएंगे।हर साल शीतलहर बढ़ने पर पांच दिसंबर से चौक चौराहों पर अलाव जलने शुरू हो जाते थे। इस बार दिसंबर माह की शुरुआत में कड़ाके की ठंड न पड़ने से अभी अलाव नहीं जल पा रहे हैं। नगर निगम प्रशासन की ओर से वन विकास निगम के डिपो में पत्र भेजकर अलाव जलाने के लिए लकड़ी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। बताया जा रहा है कि यह लकड़ियां नगर निगम प्रशासन को एक दो दिन के अंदर मिल जाएंगी। लकड़ी मिलने के बाद नगर निगम प्रशासन आईएसबीटी परिसर, यात्रा बस अड्डा, इंद्रमणि बडोनी चौक, चंद्रभागा पुल तिराहा, त्रिवेणीघाट, कोयलघाटी चौक, त्रिवेणी घाट चौक, परशुराम चौक, एम्स के बाहर, शहीद स्मारक चौक गुमानीवाला आदि स्थानों पर अलाव जलाएगा। नगर निगम की ओर से प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों में चार से पांच क्विंटल लकड़ी जलाई जाती हैं। कुछ वार्डों में पार्षदों की ओर किसी नए स्थान के लिए डिमांड आती है तो नगर निगम उन स्थानों पर भी अलाव जलाने की व्यवस्था करेगा।