थाना मुनिकीरेती अंतर्गत तपोवन निम बीच पर स्नान के दौरान गंगा में बहे राजस्थान के युवक जितेंद्र जाखड़ (24) का शव करीब चार दिन बाद पशुलोक बैराज जलाशय में मिल गया है। मृतक के परिजनों ने शव की शिनाख्त की है।
एसडीआरएफ ढालवाला के कर्मचारियों ने शव को बैराज जलाशय से निकालकर थाना मुनिकीरेती पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। थाना पुलिस ने शव का पंचनामाभर शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है।
24 सितंबर को तपोवन निम बीच पर सड़क वाली गली कस्बा रतनगढ़, जिला चुरू, राजस्थान निवासी गर्विता (23) पुत्री लीटू कल्पना कांत और पंचायती समिति के पीछे वार्ड नंबर 12 रतनगढ़, जिला चुरू, राजस्थान निवासी जितेंद्र जाखड़ (24) पुत्र शंकर लाल जाखड़ गंगा में स्नान कर रहे थे। इस दौरान युवक गंगा के तेज बहाव में बहने लगा। युवक को गंगा में बहते देख युवती भी गंगा में उसे बचाने के लिए आगे निकल गई। जिससे दोनों बहने लगे।
युवक-युवती को गंगा में बहते देख स्थानीय लोगों की मदद से युवती को कड़ी मशक्कत के बाद गंगा से बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया था।
वहीं जितेंद्र का कुछ पता नहीं चला था। करीब पांच दिन बाद जितेंद्र जाखड़ का शव पशुलोक बैराज में मिल गया है। थाना मुनिकीरेती प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि परिजनों ने शव की शिनाख्त कर दी है।