राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज के अंतर्गत एक शिशु हाथी बीते दो दिन से खांड गांव के पास हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग के किनारे खड़ा देखा जा रहा है। संभवत वह अपने झुंड से बिछुड़ गया है और हाईवे पार कर दूसरी तरफ जाना चाहता है, मगर अत्यधिक ट्रैफिक की वजह से सड़क पार नहीं कर पा रहा है।
हाथी जिस जगह पर खड़ा है, वहां से मोतीचूर रेंज कार्यालय और खांड गांव डांडा चौकी चंद कदम दूर है। मगर वन कर्मी इससे अनभिज्ञ बने हुए हैं। वहीं हाइवे से आते-जाते कई लोग रुककर हाथी को काफी नजदीक से देख रहे हैं। मंगलवार रात को भी हाथी हाईवे किनारे खड़ा था। वन्य जीव प्रतिपालक सरिता भट्ट ने बताया कि जानकारी मिलते ही मोतीचूर रेंज स्टाफ को सूचित कर दिया गया है। कोशिश रहेगी की यह सुरक्षित अपने झुंड से मिल जाए। उन्होंने बताया कि आमतौर पर झुंड आसपास ही रहता है।