शहर के चर्चित सिनेमा हॉल रामा पैलेस में निदेशक करन जौहर द्वारा बनाई गई फिल्म ऐ दिल है मुश्किल के रिलीज होने पर वाइस फॉर इंडियन आर्मी के कार्यकर्ता भड़क उठे। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने सिनेमा हॉल के बाहर पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने दर्शकों को पाकिस्तानी कलाकारों की फिल्म न देखने की अपील की।
शुक्रवार को वाइस फॉर इंडियन आर्मी के संयोजक दलीप गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता दून रोड स्थित सिनेमा हॉल के सामने एकत्रित हुए। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर आक्रोश जताया। साथ ही उन्होंने ऐ दिल है मुश्किल फिल्म को देखने के लिए आ रहे दर्शकों को पाकिस्तानी कलाकारों की फिल्म न देखने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अपने देश में चर्चित होने के बाद पाकिस्तानी कलाकार पाकिस्तान का राग अलाप रहे हैं। जो शर्म की बात है। पाकिस्तानी कलाकारों को आइना दिखाने के लिए हमें ऐसी फिल्मों का बहिष्कार कर उन्हें सबक सिखाना है। प्रदर्शनकारियों में शिवकुमार गौतम, पीयूष अग्रवाल, चंद्रेश्वर यादव, सुनील गुप्ता, हर्षित शर्मा, सागर वर्मा आदि मौजूद थे।