आईएसबीटी में पार्किंग शुल्क के विरोध में देवभूमि ऑटो रिक्शा ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और ऑटो चालकों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। ऑटो चालकों ने पार्किंग शुल्क की वसूली बंद करने की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष टीटू प्रधान ने कहा कि नगर निगम प्रशासन की ओर से पार्किंग का ठेका करने के बाद ठेकेदार हर बार आईएसबीटी में प्रवेश करने पर पर्ची काट रहा है, जो कि गलत है। उन्होंने कहा कि कहा कि पार्किंग शुल्क के नाम पर ऑटो चालकों का शोषण किया जा रहा। ऑटो चालक 40 रुपये की चार सवारी बैठाकर ला रहा है।आईएसबीटी में उसकी 50 रुपये की पर्ची काटी जा रही है। उन्होंने कहा कि शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि पर्ची काटी जानी है तो एक बार की ही पर्ची पूरे दिन के लिए मानी जाए। वहीं स्थानीय दुकानदारों ने दोपहिया वाहनों से शुल्क वसूली का विरोध किया है। दुकानदारों का कहना था कि आईएसबीटी परिसर में उनकी ट्रेवल एजेंसी, जनरल स्टोर और टी स्टाल है, ठेकेदार की ओर से उनके दोपहिया वाहनों की भी पर्ची काटी जा रही है। जो कि गलत है।
दोपहिया वाहन चालकों के साथ होती रही झड़प
आईएसबीटी परिसर में प्रवेश करने पर 20 रुपये वसूलने पर अपने परिजनों को बसों में बिठाने के लिए आने वाले लोगों की पार्किंग कर्मचारियों के साथ झड़प होती रही। पार्किंग कर्मचारी आईएसबीटी के गेट के बाहर पर्ची काट रहे थे, उसके बाद ही दोपहिया वाहनों को अंदर जाने दे रहे थे। कई लोगों ने आईएसबीटी में प्रवेश के 20 रुपये वसूलने को गलत बताया, तो कई ने पर्ची भी कटवाई। अचानक बैरियर बंद करने से कई दोपहिया वाहन सवारों के सिर पर लोहे का डंडा टकराने से बाल बाल बचा।
यदि पार्किंग ठेकेदार की ओर से दोपहिया वाहन सवारों से 20 रुपये वसूल किए जा रहे हैं तो इसे मंगलवार को दिखवाया जाएगा।
पार्किंग शर्तो के विपरीत वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- राहुल गोयल, नगर आयुक्त ऋषिकेश