- नौ किमी लंबे मोटर मार्ग पर है मात्र एक गांव ढौषण, 14 साल से ग्रामीण खा रहे हिचकोले
- पीएमजीएसवाई के मानकों के लिए चाहिए 250 की आबादी, फाइलों में अटकी योजना
संवाद न्यूज एजेंसी
यमकेश्वर। जुलेड़ी-धारकोट मोटर मार्ग के डामरीकरण की राह में बजट नहीं, बल्कि आबादी का पेंच सबसे बड़ा रोड़ा बना हुआ है। करीब नौ किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग पर मात्र एक गांव होने और उसकी आबादी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के निर्धारित मानकों के अनुरूप न होने के कारण पिछले 14 साल से सड़क का डामरीकरण और सुदृढ़ीकरण अटका हुआ है। नतीजतन, ग्रामीण आज भी जान जोखिम में डालकर इस कच्ची सड़क पर आवाजाही करने को मजबूर हैं।
लोक निर्माण विभाग दुगड्डा ने वर्ष 2011 में इस मार्ग का निर्माण किया था। निर्माण के तुरंत बाद सड़क को पीएमजीएसवाई को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन आबादी का मानक आड़े आ गया। दरअसल, इस पूरे नौ किमी के दायरे में केवल ढौषण गांव पड़ता है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार इस गांव की आबादी महज 17 है, जबकि पीएमजीएसवाई के वर्तमान मानकों के तहत सड़क डामरीकरण के लिए कम से कम 250 की आबादी होना अनिवार्य है। मानक पूरा न होने के कारण हस्तांतरण और सुदृढ़ीकरण की फाइल ठंडे बस्ते में चली गई।
यात्रा सीजन में लाइफलाइन है यह मार्ग
जुलेड़ी-धारकोट मोटर मार्ग स्थानीय ग्रामीणों के लिए आवागमन का एक महत्वपूर्ण विकल्प है। खासकर अप्रैल से जून तक चलने वाली चारधाम यात्रा और सावन में नीलकंठ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर इस मार्ग की उपयोगिता कई गुना बढ़ जाती है। यात्रा सीजन में नीलकंठ मार्ग पर वाहनों का भारी दबाव रहता है और अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में स्थानीय वाहन चालक ऋषिकेश पहुंचने के लिए इसी मार्ग का वैकल्पिक रास्ते के रूप में इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, डामरीकरण न होने से इस सड़क पर सफर करना बेहद जोखिम भरा बना रहता है।
पीएमजीएसवाई के मानकों के अनुसार, इस सड़क पर स्थित एकमात्र गांव ढौषण की आबादी डामरीकरण के लिए पर्याप्त नहीं है। इसी कारण वर्तमान में सड़क के सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। भविष्य में यदि मानकों में कोई बदलाव होता है, तो सड़क के डामरीकरण की प्रक्रिया की जाएगी। - विपिन सैनी, सहायक अभियंता, पीएमजीएसवाई कोटद्वार