परशुराम चौक स्थित साईं बाबा के मंदिर परिसर में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने साईं बाबा के मंदिर में माथा टेक कर देश व प्रदेश की उन्नति की कामना की। साथ ही मंदिर में टीन शेड निर्माण के लिए विधायक निधि से पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। श्री शिरडी साईं धाम मंदिर के वार्षिकोत्सव में मंत्री अग्रवाल ने कहा कि ऋषिकेश ऋषियों की तपोभूमि हैं। यहां मंदिर, मठ और अन्य धार्मिक स्थलों का हब है। सच्चे मन से ईश्वर की पूजा करने पर मनोकामना सिद्ध होती है। मंत्री अग्रवाल ने साईं संध्या में साईं बाबा के भजनों का श्रवण किया। इस मौके पर श्री साईं बाबा सेवा समिति के अध्यक्ष अशोक थापा, निवर्तमान मेयर अनीता ममगाईं, सुमित पंवार, शिव कुमार गौतम, रूपेश गुप्ता, एकांत गोयल, हरीश आनंद आदि मौजूद रहे।