लालतप्पड़ हरिद्वार हाईवे पर बुधवार सुबह अज्ञात बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसमें सवार एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक एचएस पंखोली ने बताया कि सुबह करीब पौने आठ बाइक पर युवती समेत तीन लोग रायवाला से लालतप्पड़ की ओर आ रहे थे। लालतप्पड़ हरिद्वार हाईवे पर नेचरविला के समीप एक अज्ञात बस ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस तीनों घायल को जौलीग्रांट अस्पताल लेकर गई। युवती को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी कोतवाली ने बताया कि मृतका की पहचान पूनम भट्ट 24 निवासी प्रतीतनगर रायवाला हुई। जबकि घायल विमल कुमार और दीपक को भर्ती कराया है। पूनम भट्ट लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में काम करती थी। पुलिस ने बताया कि बस की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाले जा रहे हैं।