16 नगर पंचायत जौक अध्यक्ष माधव अग्रवाल को मांग पत्र सौंपते पार्षद व भाजपाई
- फोटो : RISHIKESH
भाजपा स्वर्गाश्रम लक्ष्मणझूला मंडल ने नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक कार्यालय से जगदंबा सिक्योरिटी सर्विस के ठेकेदार का टेंडर निरस्त करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। शुक्रवार को सभासद नवीन राणा व जितेंद्र धाकड़ के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक कार्यालय में एकत्रित होकर जोरदार प्रदर्शन के बाद धरना दिया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत अध्यक्ष माधव अग्रवाल को एक मांग सौंपा।
मांगपत्र में उन्होंने एजेंसी का टेंडर निरस्त किए जाने, दो जगह नौकरी करने वाले कर्मचारियों को तत्काल हटाए जाने, सफाई नायक हटाने के बाद उसकी पत्नी को दो माह का दिए वेतन की तत्काल वसूली करने, एजेंसी के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं की धारा में मुकदमा दर्ज किए जाने और सफाई नायक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की भी मांग की। नगर पंचायत अध्यक्ष माधव अग्रवाल ने उपरोक्त सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने फिलहाल के लिए धरना समाप्त करने का निर्णय लिया है।
सभासद नवीन राणा ने कहा कि नगर पंचायत प्रशासन की ओर से एक सप्ताह के अंतर्गत उक्त सभी मांगों का निस्तारण नहीं किया गया तो फिर से नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर मनीष राजपूत, अश्वनी गुप्ता, विनिता शर्मा, बृजेश चतुर्वेदी, बाला देवी, संतोषी देवी, दुर्गा डोबरियाल, मंजू देवी, मीना देवी, बबली देसवाल, पूजा आर्य, अर्जुन भंडारी, अशोक अग्रवाल, गुरपाल बत्रा, त्रिवेंद्र नेगी आदि मौजूद थे।